ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा
क्यूआर कोड स्कैन करने पर मूक-बधिर यात्रियों को स्टेशन के संबंध में मिलेगी सारी जानकारी
दरभंगा :- समस्तीपुर मंडल के दरभंगा जंक्शन पर मूक-बधिर यात्रियों की सुविधा के लिए दरभंगा जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया और पूछताछ काउंटर के समीप क्यूआर कोड लगाया गया है। इस क्यूआर कोड को स्कैन करने पर यात्रियों को स्टेशन के संबंध में सारी जानकारी मिल सकेगी। यही नहीं स्टेशन पल कार्यरत रेलवे के कर्मचारियों को साइन लैंग्वेज समझने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। जिससे मूक बधिर यात्रियों को यात्रा के समय जंक्शन पर समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा और रेल कर्मचारी आसानी से ऐसे यात्रियों की मदद कर पाएंगे। स्टेशन पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद मोबाइल पर लिंक आएगा। उस लिंक को क्लिक करने पर एक वीडियो खुलेगा। ये वीडियो अनुप्रयास नाम के एक एनजीओ की मदद से बनाया गया है। वहीं क्यूआर कोड भी लगा रहा है। वीडियो में स्टेशन के बारे में जानकारी दी जाएगी।

मतलब स्टेशन में प्रवेश व निकास के कितने रास्ते हैं। कितने फुटओवर ब्रिज हैं। कौन से रास्ता कहां जाता है। स्टेशन पर किस प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। कौन सा विकल्प किस प्लेटफार्म पर दिया गया है। इसमें दिव्यांग यात्रियों के लिए मिलने वाली विशेष सुविधा का लाभ किस जगह से ले सकते हैं। जिन्हें स्कैन करने से स्टेशन के बारे में जानकारी मिलेगी। मूक बधिर यात्रियों को रेलवे परिसर में किसी तरह की समस्या न हो। इसके लिए जंक्शन या स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों को साइन लैंग्वेज का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दरअसल, जब कोई ऐसा यात्री अधिकारी या कर्मचारी से मदद के लिए जाता है तो साइन लैंग्वेज नहीं आने से उसकी बात समझने में समस्या होती है। पूरी बात का सही तरह से नहीं समझना ही यात्रियों के लिए मुसीबत बनता है।
